एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, दिनहाटा के पूर्व तृणमूल नेता का भाई गिरफ्तार
कूचबिहार, 21 अगस्त (हि. स.)। भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे इलाके में जाली भारतीय मुद्रा और सिम कार्ड की तस्करी के आरोप में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने फजेल रब्बी नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसे गुरुवार रात इस्लामपुर के बांग्लादेश सीमा से सटे पाटागड़ा इलाके से पकड़ा गया। आरोपित दिनहाटा के तृणमूल कांग्रेस के पूर्व व प्रभावशाली ब्लॉक अध्यक्ष जाकिर हुसैन का भाई है। शुक्रवार को आरोपित को अदालत में पेशकर रिमांड की मांग की गई है।
एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी लंबे समय से उत्तर बंगाल और सीमावर्ती जिलों में जाली भारतीय नोटों की तस्करी तथा विदेशी खुफिया नेटवर्क से संभावित संबंधों को लेकर निगरानी कर रही थी।
जांचकर्ताओं का आरोप है कि फजेल रब्बी के संबंध पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के लिए कथित जासूसी और अंतरराज्यीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाली नोट एवं सिम कार्ड की तस्करी से जुड़े नेटवर्क से हो सकते हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। इससे पहले आरोपित का नाम कथित तौर पर सांप के जहर की तस्करी के एक मामले में भी सामने आया था। अब जाली नोट और सिम कार्ड तस्करी के मामले में एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

