मुरैनाः जमीनी विवाद में भाई ने भाई के परिवार पर किया हमला, तीन घायल
मुरैना, 09 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरैना गांव में सोमवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर भाइयों के बीच विवाद हो गया। झगड़े में लाठी, डंडा, कुल्हाड़ी, हंसिया चलने से दो भाई व पिता सहित तीन लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत अधिक खराब होने के कारण उसे ग्वालियर रैफर किया गया है, जबकि शेष घायलों को इलाज मुरैना जिला अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मुरैना गांव के स्वामी मोहल्ला निवासी प्रदीप शर्मा सोमवार की सुबह अपने दोनों पुत्र वैभव शर्मा व विनय के साथ अपने खेतों पर सरसों काटने के लिए गए थे। यहां जमीनी विवाद के चलते प्रदीप शर्मा का विवाद उनके सगे भाई श्रीनिवास शर्मा से हो गया। मुंहवाद से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। झगड़े श्रीनिवास शर्मा के पक्ष ने प्रदीप शर्मा व उसके परिजनों पर लाठी, डंडे, हंसिया, कुल्हाड़ी व अवैध हथियारों से हमला बोल दिया। इस हमले में प्रदीप पुत्र पुरुषोत्तम शर्मा 45 साल, विनय पुत्र प्रदीप शर्मा 24 साल और वैभव पुत्र प्रदीप शर्मा 21 साल गंभीर रूप से घायल हो गए। मुरैना गांव में झगड़े की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जिला चिकित्सालय में उपचार के बाद गंभीर घायल वैभव शर्मा का ग्वालियर रैफर किया गया है। पुलिस मामले में विवेचना कर रही है।
पीडि़त पक्ष सिविल लाइन थाने में पहले ही दे चुका है आवेदन
झगड़े में घायल वैभव शर्मा ने बताया कि आज सोमवार को हम अपने खेत पर सरसों की फसल काटने के लिए गए थे। तभी हमारे ताऊ श्रीनिवास शर्मा व उनके पुत्रों सहित 8-10 लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में मेरे बड़े भाई व पिता सहित हम तीन लोग घायल हो गए। वैभव ने बताया कि इससे पूर्व हम सिविल लाइन थाने में आवेदन दिया था कि हमें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। बीते रोज भी हमारे ताऊ व उनके पुत्रों ने हमें जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में हमारे गांव के कुछ दबंग लोग भी शामिल हैं जो कि इस षडय़ंत्र में शामिल हैं। वैभव ने बताया कि हमारा ताऊ हमारी जमीन हड़पना चाहता है और इसी बात को लेकर आए दिन विवाद करते हैं।
नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया का कहना है कि मुरैना गांव के स्वामी मोहल्ला में सोमवार सुबह दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में तीन लोग घायल हुए हैं। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर आई। यहां घायलों का इलाज किया जा रहा है और एक घायल को ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस मामले में जांच कर प्रकरण पंजीबद्ध करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

