आईटी कम्पनी में असिस्टेंट मैनेजर बहन की हत्या में यूट्यूबर भाई गिरफ्तार, गया जेल
मुरादाबाद, 07 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थानामझोला क्षेत्र के बुद्धिविहार सेक्टर-2 में शुक्रवार दोपहर गुरुग्राम में एक आईटी कम्पनी में असिस्टेंट मैनेजर एमबीए पास अपनी जुड़वा बहन हिमशिखा (25) की चाकू से गोदकर हत्या करने के आरोपित भाई बीटेक पास यूट्यूबर हार्दिक को शनिवार को थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपित हत्या करने के बाद अपनी मां के आफिस जाकर उन्हें घर बुलाकर लेकर आया था और उनके ऊपर भी हमला कर दिया। चीख पुकार मचने पर लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित अपनी कार लेकर वहां से भाग निकला। बाद में पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नीलिमा को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से बदायूं जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जोगीपुरा निवासी नीलिमा निजी इंश्योरेंस कम्पनी में असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर हैं। नीलिमा अपने पति इंद्रजीत के साथ साल 1990 में बदायूं से मुरादाबाद आकर शिफ्ट हो गई थी। बीते दो साल से वह मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धिविहार सेक्टर-2 गणेश पार्क के सामने किराये के मकान में रह रही थी। नीलिमा के पति इंद्रजीत कई साल पहले से अलग हो गए थे। उनके दो जुड़वा बच्चे बेटी हिमशिखा और बेटा हार्दिक हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर 10 में रह रहे थे। बेटी बीबीए करने के बाद गुरुग्राम में एक नामी आईटी कम्पनी में असिस्टेंट मैनेजर थी। हार्दिक भी बीटेक करने के बाद कुछ समय तक गूगल में जॉब किया था। कुछ माह पहले ही वह नौकरी छोड़कर यूट्यूबर बन गया था।
बहन की हत्या में फरार आरोपित हार्दिक को गिरफ्तार करने वालों में थाना मझोला पुलिस के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार, उप निरीक्षक तेजपाल सिंह, सब इंस्पेक्टर शिवम वशिष्ठ, हेड कांस्टेबल बेयंत सिंह, रविंद्र कुमार, प्रमोद शर्मा और दिनेश शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

