पैसों के लालच में बहन का सौदा करने वाला भाई गिरफ्तार
बांदा, 04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपनी ही बहन को बेचने और जबरन दूसरी शादी कराने के आरोप में मुख्य आरोपित भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला नवंबर 2025 में सामने आया था, जब चित्रकूट जनपद की रहने वाली पीड़िता ने एएचटीयू थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, 20 नवंबर को उसकी मां और भाई ने उसे बहाने से बांदा बुलाया और वहां से हरियाणा के एक व्यक्ति को 1.38 लाख रुपये में बेच दिया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि युवती पहले से विवाहित थी, इसके बावजूद लालच में आकर परिजनों ने उसकी जबरन दूसरी शादी कर दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। इसी क्रम में आज 4 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर एएचटीयू टीम ने मुख्य आरोपी जयनारायण उर्फ जगनारायण को कालू कुआं रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
एएचटीयू थाना प्रभारी अनिल कुमार उपाध्याय के मुताबिक, इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे मानव तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि हरियाणा निवासी व्यक्ति ने अपने सहयोगी की मदद से युवती को खरीदा और उसके साथ जबरन विवाह किया था। इस मामले में उसे और उसके साथी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

