भिंड में दर्दनाक हादसा: मां के साथ सो रहे भाई-बहन को सांप ने डंसा, दोनों मासूमों की मौत
भिंड, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के पुर गांव में जहरीले सांप के डसने से एक भाई और बहन की मौत हो गई। दोनों मासूम अपनी मां के साथ घर में सो रहे थे। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मंगलवार को दोनों बच्चों की अर्थियां एक साथ उठीं तो परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात आठ वर्षीय काव्या और पांच वर्षीय आयुष अपनी मां बबीता के साथ एक ही पलंग पर सो रहे थे। रात करीब तीन बजे दोनों बच्चों के रोने की आवाज सुनकर उनका 15 वर्षीय बड़ा भाई धम्मू जाग गया। उसने कमरे की लाइट जलाई तो पलंग के पास एक काला सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया।
धम्मू ने तत्काल मां और अन्य परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन दोनों बच्चों को लेकर जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही काव्या ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आयुष को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उसकी भी मौत हो गई।
दोनों बच्चों के शव गांव लाए गए, जहां मंगलवार दोपहर उनका अंतिम संस्कार किया गया। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया गया है कि बच्चों के पिता धर्मेंद्र लोधी निजी कार्य के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / Anil Sharma

