दिनदहाड़े गोली मार लूट: व्यवसायी को मारी गोली, 5 हजार लूटकर फरार
सीवान, 07 अप्रैल (हि.स.)
सारण जिले के सहजीतपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर अपराधियों ने बेखौफ वारदात को अंजाम देते हुए एक व्यवसायी को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया और करीब 5 हजार रुपये एवं चांदी का ब्रेसलेट लूटकर फरार हो गए। घटना सहजीतपुर और मेढ़का गांव के बीच अपराह्न लगभग दो बजे की है।
घायल व्यवसायी की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है, जो तरैया थाना क्षेत्र के सरैया रत्नागर निवासी मनोज साह का पुत्र बताया जा रहा है। पवन कुमार फर्नीचर का काम करता है।
पीड़ित ने बताया कि वह पलंग खरीदने के लिए मेढ़का गांव गया था और वापस लौट रहा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उसे ओवरटेक कर घेर लिया। बदमाश उसकी बाइक और मोबाइल छीनने लगे। विरोध करने पर अपराधियों ने उसे गोली मार दी और जेब में रखे करीब 5 हजार रुपये एवं चांदी का ब्रेसलेट लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल युवक ने किसी परिचित को फोन कर बुलाया, जिसके बाद उसे आनन-फानन में भगवानपुर सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना भेज दिया गया है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस लूट और गोलीबारी ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अब तक अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

