तिलहर में 10 हजार की रिश्वत लेते ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक गिरफ्तार
बरेली, 23 मार्च (हि.स.) । भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) बरेली की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद शाहजहांपुर की तिलहर तहसील के पास से ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक पूरन लाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को तिलहर तहसील के मुख्य द्वार के पास से पकड़ा गया।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के मुताबिक, आरोपित पूरन लाल (49) मूल रूप से बरेली के आंवला क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में शाहजहांपुर में सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय में तैनात है। शिकायतकर्ता राजेश कुमार (थाना पुवायां, शाहजहांपुर) ने आरोप लगाया था कि उनकी मत्स्य जीवी सहकारी समिति, ग्राम सदापुर के गठन से संबंधित आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के एवज में आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले का संज्ञान लेते हुए जाल बिछाया। सोमवार दोपहर करीब 1:20 बजे ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को तिलहर तहसील के पास शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। टीम ने मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ थाना कटरा, शाहजहांपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

