झाबुआ में 5.30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपित गिरफ्तार
झाबुआ, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुुुआ जिले की कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए हाथीपावा क्षेत्र से एक आरोपित को 5.30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) कमलेश शर्मा ने मंगलवार को बताया कि कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम करडावद बड़ी निवासी हिमराज पिता कम्मा डामोर (43) हाथीपावा गेट के समीप हनुमान टेकरी क्षेत्र में अवैध रूप से ब्राउन शुगर बेचने के उद्देश्य से खड़ा है।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी रमेश चंद्र भास्करे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से सफेद प्लास्टिक की पन्नी में रखा भूरे रंग का संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर उसका वजन 5.30 ग्राम पाया गया, जिसकी पुष्टि ब्राउन शुगर के रूप में हुई।
पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर विधिवत सीलबंद किया तथा आरोपित के विरुद्ध अपराध क्रमांक 714/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही नशे से दूरी है जरूरी अभियान के अंतर्गत शिक्षण संस्थानों, धार्मिक स्थलों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

