home page

खुदाई में मिला सोना बताकर पीतल का हार बेचने वाले अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
खुदाई में मिला सोना बताकर पीतल का हार बेचने वाले अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपित गिरफ्तार


खुदाई में मिला सोना बताकर पीतल का हार बेचने वाले अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपित गिरफ्तार


खुदाई में मिला सोना बताकर पीतल का हार बेचने वाले अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। राजधानी पुलिस ने खुदाई में मिला पुराना सोना बताकर पीतल के हार बेचने वाले अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को मुंबई से गिरफ्तार किया है।

आरोपितों ने रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर, तेलीबांधा और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में 22.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 9 लाख रुपये नकद, 12 चांदी के सिक्के, पीतल के आभूषण, चार मोबाइल फोन तथा चार फर्जी आधार कार्ड जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। जांच में सामने आया कि, गिरोह का मुख्य आरोपित शंभू राय घूम-घूमकर स्टोन (राशि पत्थर) बेचने के दौरान आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को निशाना बनाता था। वह स्वयं को दिहाड़ी मजदूर बताकर खुदाई में सोने के पुराने आभूषण मिलने की कहानी सुनाता और भरोसा जीतने के लिए असली सोने का छोटा नमूना जांच के लिए देता था। नमूना असली निकलने पर पीड़ित उसके झांसे में आ जाते थे, जिसके बाद उन्हें पीतल का हार लाखों रुपये में बेच दिया जाता था।

पुलिस जांच में पता चला कि, गिरोह पीतल के आभूषण दिल्ली के करोल बाग से खरीदकर लाता था और उन्हें सोने का हार बताकर बेचता था। आरोपित वारदात के दौरान दो महिलाओं को अपनी मां या रिश्तेदार बताकर साथ रखते थे, जिससे पीड़ित आसानी से विश्वास कर लेते थे। तीनों मामलों में पीड़ितों से क्रमशः 2.50 लाख, 10 लाख और 10 लाख रुपये की ठगी की गई।

तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की लोकेशन मुंबई में ट्रेस की और वहां से मुख्य आरोपित शंभू राय, गीता गुजराती तथा शांति गुजराती को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपित केनाल पटरी केशव नगर कानपुर (उ.प्र.) के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपितों ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में एक दर्जन से अधिक वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह देशभर में करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।

आरोपितों के विरुद्ध संबंधित थानों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर गिरोह के शेष सदस्यों की तलाश और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर