home page

नरसिंहपुर के प्राचीन जैन मंदिर से 18 पीतल की प्रतिमाएं चोरी, पुलिस ने शुरू की गहन जांच

 | 
नरसिंहपुर के प्राचीन जैन मंदिर से 18 पीतल की प्रतिमाएं चोरी, पुलिस ने शुरू की गहन जांच


नरसिंहपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के करेली थाना क्षेत्र के ग्राम सगोरिया स्थित प्राचीन श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर में अज्ञात बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए भगवान की 18 पीतल की प्रतिमाएं चोरी कर लीं। घटना के बाद जैन समाज में रोष व्याप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात की है। अज्ञात बदमाश मंदिर में प्रवेश कर 14 छोटी और चार बड़ी पीतल की प्रतिमाएं अपने साथ ले गए। चोरी गई प्रतिमाओं में भगवान पार्श्वनाथ, भगवान शांतिनाथ, भगवान पद्मप्रभु तथा भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमाएं शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलने पर एसडीओपी मनोज गुप्ता तथा करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिग्वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य एकत्रित किए।

पुलिस मंदिर परिसर, आसपास के मार्गों तथा संभावित भागने के रास्तों की जांच कर रही है। इसके साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपितों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।

घटना के बाद जैन समाज के लोगों ने चोरी की वारदात पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से शीघ्र खुलासा करने तथा चोरी गई प्रतिमाओं की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। समाज के लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।

पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और शीघ्र ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी