home page

गोपालगंज में पुलिस से मुठभेड़ में इनामी अपराधी घायल, पैरों में लगी गोली

 | 

गोपालगंज, 30 मई (हि.स.)। गोपालगंज जिले में शनिवार तड़के पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश आकाश कुमार घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, घायल आरोपित की पहचान थावे थाना क्षेत्र के बरईहाता गांव निवासी मनोज सिंह के पुत्र आकाश कुमार के रूप में हुई है। आकाश पर थावे के पूर्व मुखिया कुरैश मियां की हत्या, लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों सहित लगभग एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनय तिवारी ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सूचना मिली थी कि वह हरियाणा में छिपा हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने शुक्रवार देर रात कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया और गोपालगंज लेकर आई।

एसपी के अनुसार, पूछताछ के दौरान आकाश कुमार ने हथियार छिपाने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद पुलिस उसे हथियार बरामद कराने के लिए बंजारी बायपास क्षेत्र में लेकर गई थी। इसी दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित के दोनों पैरों में गोली लग गई।

घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। मामले की आगे की जांच जारी है तथा पुलिस अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी