home page

बिहार के समस्तीपुर में कुख्यात प्रभात चौधरी और उनके साथी को अपराधियों ने गोलियों से भूना

 | 

पटना, 08 जुलाई (हि.स.)। बिहार में समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र अन्तर्गत नामापुर गांव में मंगलवार देर रात बाइक सवार करीब 8-10 अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर कुख्यात प्रभात चौधरी और उसके दोस्त सन्नी कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी।

अंधाधुंध गोलीबारी की इस सनसनीखेज घटना में दोनों युवकों को संभलने का मौका नहीं मिला और गोली लगते ही उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृत प्रभात चौधरी चकमेहसी थाना क्षेत्र के नीमा चकहैदर का निवासी था, जबकि उसका साथी सन्नी कुमार बेलसंडी गांव का रहने वाला बताया गया है।

पिता संजय चौधरी के अनुसार प्रभात को किसी का फोन आने के बाद प्रभात तीन सहयोगियों के साथ स्कॉर्पियो से बागमती नदी के नामापुर दरियापुर मिलने गया था। वहां पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने गोलियों की बौछार कर दी।

मृतक प्रभात के पिता संजय चौधरी ने बताया कि उनका बेटा शाम करीब सात बजे किसी काम से घर से निकला था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को पूरी प्लानिंग के साथ फोन करके बुलाया गया था। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। चकमेहसी थानाध्यक्ष जितेंद्र सहनी की माने तो फिलहाल इस हत्या के सही कारणों का पता नही चल सका है।

प्रभात चौधरी पर अवैध शराब की तस्करी और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे।

सदर डीएसपी-2 संजय कुमार के अनुसार 26 अगस्त 2023 को समस्तीपुर कोर्ट में गवाही के दौरान भी प्रभात पर फायरिंग हुई थी। उस घटना के मास्टरमाइंड राजद नेता रामबाबू राय को पुलिस ने जेल भेजा था। प्रभात एक साल पहले ही जेल से छूटा था। आशंका है कि शराब के अवैध कारोबार में पैसों के लेनदेन या इलाके में वर्चस्व कायम करने की पुरानी रंजिश के कारण ही हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी