नालंदा में एक ही परिवार के चार लोगों ने उठाया खौफनाक कदम, तीन की मौत
नालंदा, बिहारशरीफ 19 जुलाई (हि.स.)।
बिहार में
चंडी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में परिवार के चार सदस्यों ने आत्मघाती कदम उठा लिया। इसमें दो ने फांसी लगाई और दो ने जहर खा लिया। इस घटना में पिता-पुत्र और बहू की मौत हो गई। चौथा सदस्य इलाजरत है।
घटना का कारण ससुर-बहू के अवैध संबंध का उजागर होना बताया जा रहा है। मृतकों में 65 वर्षीय दिलेन्द्र तांती, उनके 40 वर्षीय पुत्र रंजीत तांती और 30 वर्षीया बहू गोरी देवी शामिल हैं। वहीं मृतका के देवर पुरुषोत्तम तांती का इलाज एक निजी क्लिनिक में चल रहा है।
रंजीत तांती की मौत भी इलाज के दौरान देर शाम हुई। घटना के संबंध में बताया जाता है रविवार की सुबह करीब 11 बजे पुरुषोत्तम तांती ने फांसी लगाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने उन्हें बचाकर क्लिनिक में भर्ती कराया। वहीं रंजीत तांती और पत्नी गोरी देवी ने गेहूं में डालने वाली जहरीली दवा खा ली। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां पहले गोरी देवी और फिर घंटों बाद रंजीत की मौत हो गई। इधर, दिलेन्द्र तांती ने घर की छत के हूक में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतका के चार वर्षीय पुत्र प्रिंस ने बताया कि माता-पिता माधोपुर बाजार से सल्फास लाए थे। उन्होंने दवा खाई और उसे भी देने का प्रयास किया, लेकिन उसने फेंक दी।हिलसा डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच से प्रतीत होता है कि ससुर-बहू के अवैध संबंध उजागर होने पर ग्लानि में परिवार ने यह कदम उठाया। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

