(अपडेट) रोहतास के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या का खुलासा, चालक ने कबूला जुर्म
पटना, 02 अगस्त (हि.स.)। बिहार के रोहतास जिले के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में उनके सरकारी चालक मिथलेश कुमार की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसने पूछताछ में हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है।
मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव ने रविवार को मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच और पूछताछ में चालक ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली है। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।
आईजी के अनुसार, चालक ने वाहन में रखी टायर खोलने वाली लोहे की रॉड से विमल कुमार के सिर पर हमला किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह लंबे समय से अधिक ड्यूटी और लगातार काम के दबाव के कारण मानसिक तनाव में था। घटना वाले दिन भी उसने शाम के बाद पटना जाने से मना किया था और खाना भी नहीं खाया था, लेकिन कार्यपालक पदाधिकारी ने उसे डांटते हुए यात्रा जारी रखने को कहा।
आरोपी चालक के अनुसार, देर रात बारुण थाना क्षेत्र के बारुण-दाउदनगर-पटना नहर रोड स्थित लख डिहरा गांव के पास उसने पेशाब करने के लिए वाहन रोका। इस दौरान भी उसे डांट पड़ी, जिससे वह आक्रोशित हो गया। गुस्से में उसने वाहन के पीछे रखी टायर खोलने वाली रॉड उठाई और पहले वाहन पर वार किया। इसके बाद जब कार्यपालक पदाधिकारी वाहन से बाहर निकले तो उसने उनके सिर पर लगातार कई वार किए। गंभीर चोट लगने से वे मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
आईजी विकास वैभव ने बताया कि आरोपित ने हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से लोहे की रॉड नहर में फेंक देने की बात स्वीकार की। उसके निशानदेही पर गोताखोरों की मदद से रॉड बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित मिथलेश कुमार कौआखोच गांव का निवासी है और डेहरी के मोहनबिगहा में किराये के मकान में रहता है। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है और पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

