मुजफ्फरपुर में जाली नोट रैकेट का भंडाफोड़, छह आरोपित गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर जाली नोट के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। मोतीपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 71 हजार 200 रुपये की जाली भारतीय करेंसी, एक चार पहिया वाहन और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बीती रात सूचना मिली थी कि मोतीपुर थाना क्षेत्र में जाली नोटों की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। इसके बाद जिला पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर इलाके की घेराबंदी की और छह संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. साबिर, सुरेश राय, कृष्णा पटेल, राहुल सिंह, साधु साहनी और बीरेन्द्र पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इनके पास से जाली नोटों के अलावा ‘भारतीय मनोरंजन बैंक’ लिखा नकली नोट भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, बरामद नकली नोटों में 500 रुपये के 1,311, 200 रुपये के 1,184 और 100 रुपये के 1,153 नोट शामिल हैं। इन नोटों की कुल अंकित राशि 10,07,600 रुपये बताई गई है। वहीं, कार्रवाई में बरामद जाली भारतीय करेंसी की राशि 71,200 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान एक चार पहिया वाहन और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस मोबाइल फोन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कर रही है। इसके जरिए गिरोह के नेटवर्क, अन्य सदस्यों और जाली नोटों की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ‘भारतीय मनोरंजन बैंक’ लिखे नकली नोटों का इस्तेमाल लोगों को भ्रमित करने या धोखाधड़ी के लिए किया जाना था या नहीं। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि जाली नोटों की खेप कहां से लाई गई थी और मुजफ्फरपुर तथा आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई कहां-कहां करने की योजना थी।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

