home page

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मंत्री के बेटे से 50 लाख की रंगदारी की मांग

 | 

मुजफ्फरपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के बेटे कृष्ण मुरारी से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद परिवार और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

बिहार सरकार में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के पुत्र कृष्ण मुरारी के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से मैसेज और कॉल कर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया गया। मैसेज में तीन दिनों के भीतर 50 लाख रुपये देने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि तय समय के भीतर रकम नहीं दी गई तो उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे धमकी भी दी गई।

घटना के बाद कृष्ण मुरारी ने तत्काल इसकी शिकायत सदर थाना में दर्ज कराई। पुलिस को दिए आवेदन के साथ धमकी भरे व्हाट्सएप मैसेज और कॉल के स्क्रीनशॉट भी सौंपे गए हैं।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर, आईपी डिटेल तथा मैसेज भेजने वालों की पहचान करने में जुट गई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश मिश्रा ने आज बताया कि रंगदारी मांगने वाले क्रिमिनल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पटना और मुजफ्फरपुर में भी उनके खिलाफ मामले दर्ज है। पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है। सिटी एसपी के नेतृत्व में बनाई गई थी एसआईटी जिसे सफलता मिली है ।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में जिले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने की यह लगातार तीसरी घटना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी