home page

बेगूसराय में सर्च ऑपरेशन के दौरान बम विस्फोट, 4 पुलिसकर्मी घायल

 | 

बेगूसराय, 11 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के बेगूसराय जिले में दरभंगा ज्वेलरी लूटकांड की जांच के दौरान बड़ा हादसा हो गया। विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम के चार पुलिसकर्मी बम विस्फोट में घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में शनिवार को सर्च अभियान चलाया जा रहा था। टीम को सूचना मिली थी कि 3 मार्च को दरभंगा में हुई करीब दो करोड़ रुपये की ज्वेलरी लूट से जुड़ा सोना यहां छिपाकर रखा गया है। इसी आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस संदिग्ध स्थान पर खुदाई कर रही थी।

इसी दौरान जमीन में दबा बम अचानक फट गया। धमाका इतना तेज था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट नावकोठी के संदीप कुमार के घर के पास हुआ।

घटना में चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें विपिन कुमार ओझा और मृत्युंजय मंडल को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है।

घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर कैंप कर क्षेत्र को घेर लिया है और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। विस्फोट के पीछे की साजिश और इसके कारणों का पता लगाने के लिए जांच एजेंसियां हर पहलू से जांच में जुटी हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है, जो मौके से साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल प्रशासन ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि विस्फोट किस प्रकार का था और इसमें किस तरह के विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया।

घटना के बाद मीडिया को भी घटनास्थल से दूर रखा गया है और जांच पूरी होने तक सीमित जानकारी ही साझा की जा रही है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि यह विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी