home page

वैशाली में सेना के जवान और उनके पिता की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

 | 

वैशाली, 13 जुलाई (हि.स.)। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और आर्मी जवान व उसके पिता की हत्या के मुख्य आरोपित जगदीश राय के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभांक मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

पुलिस के अनुसार, रविवार को हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपित जगदीश राय की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम बिदुपुर थाना क्षेत्र के एक इलाके में उसे पकड़ने पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपित ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। उसकी सुरक्षा के बीच इलाज कराया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विधिसम्मत जांच की जा रही है और सभी दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि रविवार की सुबह बिदुपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक और रास्ते के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और गोलीबारी शुरू हो गई। इस दौरान मुनारिक राय और उनके पुत्र जितेंद्र कुमार को गोली मार दी गई। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक जितेंद्र कुमार भारतीय सेना के जवान थे और दिल्ली में तैनात थे। वह हाल ही में छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आए थे। परिवार के साथ समय बिताने के दौरान ही वह इस खूनी संघर्ष का शिकार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुनारिक राय का अपने पटीदारों के साथ लंबे समय से रास्ते और भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। मुनारिक राय के भतीजे सहित अन्य लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का आरोप है, जिसमें पिता-पुत्र की मौत हो गई। इस मामले में जगदीश राय को मुख्य आरोपित बनाया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अन्य फरार आरोपितों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी