home page

पंचकूला में बुटीक संचालिका की गला रेतकर हत्या

 | 

चंडीगढ़, 26 अगस्त (हि.स.)। पंचकूला के पिंजौर में बुधवार को दिनदहाड़े एक बुटीक संचालिका की गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला ने मौत से पहले बचाव के लिए काफी जद्दोजहद की। पुलिस ने घटनास्थल पर खून से सनी एक डायरी बरामद की है, जिस पर महिला ने अपनी हत्या के लिए पति तथा अन्य परिजनों को जिम्मेदार ठहराया है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पिंजौर की रतपुर कॉलोनी निवासी राजेंद्र कौर के रूप में हुई। आसपास के लोगों ने बताया कि राजेंद्र करीब 15 दिन पहले ही दो बेटियों के साथ यहां किराए पर रहने आई थी। बताया जा रहा है कि महिला के एक बेटा है, जो पति के पास ही है। राजेंद्र कौर ने घर से कुछ दूरी पर गली में ही किराये की शॉप में रितू बुटीक शुरू किया। बुधवार सुबह वो अपने बुटीक में काम करने आई। 11 बजकर 54 मिनट के आसपास एक व्यक्ति आराम से टहलते हुए आया और बुटीक में घुस गया।

करीब 2 मिनट बाद वह व्यक्ति बाहर निकला और बुटीक का शटर डाउन कर चलने लगा। फिर दोबारा मुड़ा और शटर को अच्छे से बंद कर दिया। कुछ देर बाद राजेंद्र कौर गला पकड़ कर तड़पते हुए शटर उठाकर बाहर निकली। पास से गुजर रहे लोग उन्हें देखकर आगे निकल गए, किसी ने मदद नहीं की। राजेंद्र कौर दोबारा शटर उठाकर बुटीक के अंदर चली गई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसने बुटीक की हिसाब-किताब की डायरी में लिखा- मुझे मारने वाला पति है। इसी बीच उसे जमीन पर तड़पता देख गली से गुजर रही एक महिला रुकी और मदद के लिए शोर मचाने लगी। महिला के शोर मचाने पर कुछ लोग जुटे। इसी दौरान पास ही एक फर्नीचर की दुकान पर काम करने वाला कारपेंटर आया। उसने बुटीक से महिला को उठाया और बाइक सवार की मदद से अस्पताल पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही पिंजौर थाना प्रभारी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि महिला की गला काटकर हत्या की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी चेक की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा