दस हजार का इनामी बदमाश देशी कट्टा व तीन कारतूस के साथ पकड़ा, दो अन्य आरोपित भी गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़, 04 मई (हि.स.)। ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-2 के तहत कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक देशी कट्टा पिस्टल व 3 कारतूस बरामद कर स्विफ्ट कार जब्त की है। इनमें से एक गिरफ्तार आरोपित पर मध्यप्रदेश पुलिस की और से 10 हजार का इनाम भी घोषित है।
चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि निंबाहेड़ा कोतवाली थानाधिकारी रामसुमेर के नेतृत्व में रविवार रात को एएसआई सुरज कुमार के साथ टीम गठित की गई। इस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नीमच की तरफ से एक स्विफ्ट कार आ रही है, जिसमें 2-3 व्यक्ति सवार हैं और उनके पास अवैध हथियार हो सकते हैं। सूचना पर एएसआई सुरज कुमार मय जाब्ता मध्यप्रदेश बॉर्डर स्थित जलिया चेक पोस्ट पहुंच नाकाबंदी की। इस दौरान नीमच की तरफ से आई स्विफ्ट कार को रोक कर तीनों की नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से एक देशी कट्टा पिस्टल नुमा व 3 कारतूस मिले। पुलिस ने हथियार व कार को जब्त कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश में उज्जैन निवासी आशुतोष पुत्र ओमप्रकाश ब्राह्मण, यशवेन्द्र पुत्र जितेन्द्र ठाकुर तथा निखिल पुत्र राजेश मीणा को गिरफ्तार किया है। इनमें आरोपित यशवेन्द्र के खिलाफ कुल 22 प्रकरण दर्ज हैं। वह 4 प्रकरणों में फरार चल रहा था। थाना चिमनगंज जिला उज्जैन, मध्यप्रदेश से 10 हजार रुपए का इनामी आरोपित है। गिरफ्तार आरोपितों से अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त के संबंध में अनुसंधान जारी है। आशंका है कि ये मध्यप्रदेश से राजस्थान में कोई वारदात करने के संबंध में आए हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

