home page

पन्ना में सामूहिक दुष्कर्म के दोनों आरोपित 24 घंटे में गिरफ्तार, घर में घुसकर महिला से की थी वारदात

 | 
पन्ना में सामूहिक दुष्कर्म के दोनों आरोपित 24 घंटे में गिरफ्तार, घर में घुसकर महिला से की थी वारदात


पन्ना, 16 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के सलेहा थाना क्षेत्र में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपित उसी गांव के रहने वाले बताए गए हैं। महिला ने 15 सितंबर को थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

बुधवार को सलेहा पुलिस ने बताया कि घटना 14 सितंबर की रात करीब 11 बजे की है। महिला अपने बच्चों के साथ घर के पक्के कमरे में सो रही थी। उस समय उसके परिजन घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान गांव के दो युवक कथित रूप से जबरन उसके घर में दाखिल हुए। आरोप है कि दोनों ने महिला का मुंह दबाकर उसे अपने काबू में किया और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। महिला ने वारदात की जानकारी तत्काल अपने पति और परिजनों को फोन के माध्यम से दी। इसके बाद 15 सितंबर को महिला सलेहा थाने पहुंची और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन तथा थाना प्रभारी शक्ति प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संभावित ठिकानों पर तलाश के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिलने के बाद टीम ने दर्दहाई मोड़, पटना तमोली के पास घेराबंदी की। इसी दौरान दोनों आरोपितों को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों से सघन पूछताछ की गई। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराध प्रमाणित होने के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे