सीमा पर 432 लीटर नेपाली शराब व नाव जब्त
सुपौल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों एवं शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर के जवानों ने 432 लीटर नेपाली शराब के साथ एक नाव जब्त की है। यह कार्रवाई सीमा चौकी सिमरीघाट के जवानों ने नाका अभियान के दौरान की।
एसएसबी के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को सीमा चौकी सिमरीघाट के जवानों ने स्पर संख्या 2475 एवं सीमा स्तंभ संख्या 221 के समीप नाका लगाकर नदी क्षेत्र में निगरानी शुरू की थी। इसी दौरान जवानों को नदी की ओर से एक संदिग्ध नाव आती दिखाई दी। नाका पार्टी की गतिविधियों को देखते ही नाव में सवार संदिग्ध व्यक्ति नाव छोड़कर अंधेरे एवं नदी क्षेत्र का लाभ उठाते हुए नेपाल की ओर फरार हो गए।
इसके बाद जवानों ने नाव को अपने कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान नाव से नेपाली शराब की 1,440 बोतलें बरामद की गईं। प्रत्येक बोतल में 300 मिलीलीटर शराब थी। इस प्रकार बरामद शराब की कुल मात्रा 432 लीटर बताई गई। शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त नाव को भी जब्त कर लिया गया।
एसएसबी की ओर से बताया गया कि बरामद शराब एवं नाव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस थाना भपटियाही को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई उपनिरीक्षक (सामान्य) अमृत लाल के नेतृत्व में की गई। नाका अभियान में एसएसबी के अन्य बलकर्मी भी शामिल रहे।
45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों एवं शराब तस्करी की रोकथाम के लिए एसएसबी द्वारा लगातार सतर्क एवं प्रभावी निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

