(अपडेट) परिवार के ही सदस्यों ने बोराड़ा पूर्व सरपंच परिवार की हत्या की थी
अजमेर, 28 मई(हि.स.)। अजमेर जिले के सरवाड़ पुलिस थाना क्षेत्र के बोराड़ा में एक कार में चार जनों की जली लाश मिलने की सनसनी खेज घटना का अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए बताया कि इस मामले में मृतकों के परिवार के ही लोगों ने पूर्व सरपंच के परिवार की हत्या कर बॉडी को कार में डाल कर उसमें आग लगा कर मार दिया था।
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि जिस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा और कार में आग लगने की दुर्घटना माना जा रहा था, वह अब एक खौफनाक पारिवारिक साजिश बनकर सामने आया है। ग्रामीणों के सहयोग से छोटी छोटी जानकारियों को जोड़ कर देखा गया तो पुलिस जांच में सामने आया कि पूर्व सरपंच परिवार की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि परिवार के ही सदस्यों ने की है। मामले में रामसिंह की पहली पत्नी सुनीता, उसकी बेटी और नाबालिग बेटे को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व सरपंच रामसिंह की पहली पत्नी से विवाद चल रहा था। एक रात पहले थी काफी झगड़ा हुआ था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पुराने पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस खौफनाक वारदात अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
आरोपियों ने पहले रामसिंह, उसकी मां पूर्व सरपंच पूसी देवी, दूसरी पत्नी सुरज्ञान और भांजी महिमा पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया । हमला इतना बेरहम था कि चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से चारों शवों को स्कॉर्पियो कार में डाला और फार्म हाउस से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर कार को आग के हवाले कर दिया, ताकि मामला हादसा नजर आए। लेकिन घटनास्थल पर मिले अहम सुराग, शवों की स्थिति और पुलिस की सख्त पूछताछ ने पूरी साजिश की खोल दीं ।पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य सबूत बरामद कर लिए हैं। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे बोराडा और आसपास के इलाके में भारी सनसनी फैल गई है। हर कोई इस बात से स्तब्ध है कि रिश्तों की दीवारों के भीतर ही इतना खूनी खेल खेला गया । पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है।
किशनगढ़ कांग्रेस विधायक विकास चौधरी, अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी, युवा भाजपा नेता राजेश चौधरी मौके पर पहुंच गए। सभी ने बोराडा क्षेत्र के श्रीरामपुरा ( लापडा) में एक ही परिवार के चार लोगों की नृशंस हत्या मामले का शीघ्रता से खुलासा करने के लिए अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक के कार्य को सराहनीय बताया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

