ट्रेन में शराब तस्करी करते युवक गिरफ्तार, 18 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
सीवान, 12 अप्रैल (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान की टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रेन में शराब तस्करी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान रामलाल कुमार 26 वर्ष के रूप में हुई है जो पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ी दयाल थाने के माझार निवासी जगरनाथ वर्मा का पुत्र है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट सीवान द्वारा गाड़ी संख्या 02570 नई दिल्ली–दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस के कोच संख्या बी-5 में जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को पिठ्ठू बैग में अंग्रेजी शराब लेकर जाते हुए पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उसके बैग से 750 एमएल की 24 बोतल रॉयल स्टैग शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 18 लीटर तथा कीमत लगभग 16,560 रुपये बताई गई है। बरामद शराब को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई हेतु जीआरपी सीवान को सुपुर्द कर दिया गया।
इस संबंध में जीआरपी सीवान में कांड संख्या 58/26, धारा 30 (ए) बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सउनि सुरेश राम द्वारा की जा रही है। कार्रवाई में आरपीएफ के सउनि नंदकिशोर सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मण यादव एवं कांस्टेबल शिवअवतार प्रसाद शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

