चार लाख से अधिक की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
कानपुर, 01 जून (हि.स.)। अरौल थाना क्षेत्र में अपराध शाखा, सर्विलांस टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार को चार लाख नौ हजार रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 416 बोतल अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम सम कासिम आबिदी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मेडूवा अंडरपास के पास घेराबंदी कर एक आई-20 स्पोर्ट्ज कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से रॉयल ग्रीन ब्रांड की 416 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिनमें 96 हाफ और 320 फुल बोतल शामिल हैं। पूछताछ के दौरान तस्कर की पहचान मोहित भडाना (31) निवासी अनंगपुर, थाना सूरजकुंड, फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है।
आगे उसने ने बताया कि वह हरियाणा से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी सीज कर लिया है। आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है तथा उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

