रानीपुर में बमबाजी के बाद हवाई फायरिंग, दहशत
जौनपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर गांव में शुक्रवार देर रात सुतली बम फेंकने और हवाई फायरिंग से दहशत फैल गई। बाइक सवार तीन युवकों पर पांच युवकों को निशाना बनाकर हमला करने का आरोप है। ग्रामीणों के जुटने पर आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, रानीपुर गांव में अरुण, यशवंत, मानसिंह और शाहिद समेत करीब पांच युवक खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक पहुंचे और कथित तौर पर सुतली बम फेंक दिया। धमाके के बाद आरोपियों ने कई राउंड हवाई फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो आरोपी बाइक छोड़कर भागने लगे। इस दौरान दोबारा फायरिंग करते हुए वे फरार हो गए।
सूचना पर डायल 112 की पीआरवी टीम और मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों से पूछताछ की। मौके पर मिली बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ितों ने जंगीपुर निवासी आलोक यादव, दादर निवासी अंकित यादव और एक अज्ञात युवक पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता ने बताया कि घटना संज्ञान में है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

