दिल्ली में पांच जगह बम की सूचना से मचा हड़कंप, जांच के बाद सभी कॉल निकलीं फर्जी
नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले शुक्रवार को दिल्ली में एक के बाद एक पांच जगह बम होने की सूचना मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। दिल्ली कैंट एसडीएम कार्यालय, टी-3 एयरपोर्ट, जामनगर हाउस, साकेत एसडीएम कार्यालय और झंडेवालान में बम होने की सूचना फायर कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और गहन जांच की। जांच के बाद सभी पांचों स्थानों पर बम की सूचना फर्जी यानी हॉक्स पाई गई।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11:18 बजे दिल्ली कैंट स्थित एसडीएम कार्यालय में बम होने की सूचना फायर कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं और परिसर की जांच की।
इसके बाद सुबह 11:32 बजे दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर बम होने की सूचना मिली। एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थान पर सूचना मिलने से सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। बम स्क्वाड और अन्य टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
इसके बाद करीब 11:40 बजे जामनगर हाउस में बम होने की सूचना मिली। यहां भी सुरक्षा टीमों ने पहुंचकर परिसर और आसपास के क्षेत्र की जांच की। करीब दो मिनट बाद 11:42 बजे साकेत एसडीएम कार्यालय में बम की सूचना मिली। वहीं, करीब 11:57 बजे झंडेवालान में भी बम होने की सूचना फायर कंट्रोल रूम को मिली।
लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद पुलिस और दमकल विभाग ने सभी स्थानों पर सुरक्षा जांच कराई।
बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वस्तुओं और परिसर की तलाशी ली। जांच के दौरान किसी भी स्थान से बम या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद पांचों कॉल को हॉक्स घोषित कर दिया गया।
स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पहले से कड़ी है। ऐसे में अलग-अलग स्थानों पर बम की सूचना मिलने से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गईं। पुलिस अब इन फर्जी कॉल की सूचना देने वाले व्यक्ति या स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

