home page

किशनगंज व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने का प्राप्त हुई ई-मेल, पुलिस जांच में जुटी

 | 
किशनगंज व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने का प्राप्त हुई ई-मेल, पुलिस जांच में जुटी


किशनगंज, 13 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के किशनगंज व्यवहार न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार न्यायालय को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बताया जाता है कि इससे पूर्व भी दो बार किशनगंज व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। उन घटनाओं के बाद से ही कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पहले से कड़ी कर दी गई थी।

परिसर में मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं तथा कोर्ट में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है। सोमवार को कोर्ट खुलने के बाद परिसर में काफी भीड़ थी। इसी दौरान बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना फैलते ही अधिवक्ताओं, कर्मियों और आम लोगों में सनसनी फैल गई। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी अशोक कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच अभियान चलाया गया। मुख्यालय डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है। फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि धमकी किसने और क्यों दी, इसकी जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी वरीय अधिकारियों द्वारा साझा की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह