तेज आवाज के साथ हुए धमाके में पक्का घर का कमरा हुआ क्षतिग्रस्त, बम बनाने के दौरान विस्फोट की आशंका
अररिया 26 सितम्बर(हि.स.)।
जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के पश्चिमी टोला वार्ड संख्या आठ में शुक्रवार की रात तेज धमाके के साथ हुए आवाज में मो.अख्तर पिता नूर मोहम्मद का एक कमरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।जिसमें मो.अख्तर समेत उसकी पत्नी के साथ कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
जानकारी के बाद एसपी जितेन्द्र कुमार, फारबिसगंज एसडीपीओ पंकज कुमार समेत अंचल निरीक्षक,थानाध्यक्ष ने देर रात घटनास्थल का जायजा लिया, जिसमें मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त पाया गया।वहीं घटना के बाद से घर के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं।एसपी के निरीक्षण में मौके से पटाखे की लड़ी पाई गई।जिसके आधार पर एसपी ने अवैध रूप से कमरे में पटाखा निर्माण किए जाने की आशंका जाहिर की।घटना के बाद से घर के सभी सदस्यों के साथ अगल बगल के लोग भी फरार पाए गए हैं।एसपी जितेन्द्र कुमार ने कहा कि घटना में कुछ लोगों के घायल और हताहत होने की सूचना है,लेकिन घर और अगल बगल में किसी के नहीं रहने के कारण स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल एवं बम निरोधक दस्ता को सूचित किया गया है,जो मौके से सैंपल जांच कर इस मामले की तहकीकात करेंगे।मामले में अग्रतर विधि सम्मत कार्रवाई करने की बात उन्होंने कही।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पश्चिमी टोला मुस्लिम बस्ती वार्ड संख्या आठ में देर शाम जोरदार की आवाज हुई। बम फटने की आशंका से ग्रामीण सहम गए और जब लोगों को घटनास्थल की जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचने ओर मो.अख्तर के मकान का एक बड़ा हिस्सा ध्वस्त पाया।ग्रामीणों ने बताया कि इस इलाके में अवैध रूप से शादी विवाह के मौसम के पटाखे और रवाइश का निर्माण किया जाता था है और उसी निर्माण के दौरान हादसा होने की आशंका जाहिर कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

