अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी
जलपाईगुड़ी, 14 अगस्त (हि.स.)। तीस्ता रेल पुल के समीप एक अज्ञात युवक का शव शुक्रवार सुबह मिलने से जलपाईगुड़ी में सनसनी फैल गई। मृतक के गले और चेहरे पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल के आसपास कई शराब की बोतलें भी बिखरी मिली हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में युवक की हत्या की गई होगी।
घटना की सूचना मिलते ही जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घटनास्थल से नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा मामले की जांच में फॉरेंसिक विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है। जलपाईगुड़ी कोतवाली थाना पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि तीस्ता रेल पुल के आसपास के इलाके में आए दिन नशे का अड्डा लगता है। रात के अंधेरे में विभिन्न स्थानों से लोग यहां पहुंचकर शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में और किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

