सरपंच का चुनाव लड़ चुके व्यक्ति का मंदिर के पीछे मिला शव, सिर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका
पाली, 02 नवंबर (हि.स.)। जिले के फालना थाना क्षेत्र के बिरोलिया गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब रामदेव मंदिर के पीछे एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान तलसाराम मेघवाल (30) के रूप में हुई है। युवक हाल ही में बेडल ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़ चुका था। उसके सिर पर चोट के निशान मिलने और मोबाइल मंदिर की छत पर पाए जाने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फालना थानाधिकारी पन्नालाल के अनुसार तलसाराम रविवार रात दुकान पर जाने का कहकर घर से निकले थे। उनकी बहन ने बताया कि घर से निकलते समय तलसाराम ने कहा था कि वह वापस आकर खाना खाएंगे, लेकिन रातभर घर नहीं लौटे। परिजनों को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनके साथ कोई अनहोनी हो गई है। सोमवार सुबह तलसाराम के पिता भीमाराम रामदेव मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उन्हें मंदिर के पीछे एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी दी।
भीमाराम मौके पर पहुंचे तो वहां उनका बेटा तलसाराम मृत अवस्था में मिला। बेटे का शव देखकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर फालना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों के साथ एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, तलसाराम के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि उनका मोबाइल मंदिर की छत पर पाया गया। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल यह साफ नहीं हुआ है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
तलसाराम मेघवाल अपने माता-पिता के साथ रहते थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। उन्होंने हाल ही में बेडल ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़ा था। 30 अक्टूबर को हुए दूसरे चरण के मतदान में उन्हें 113 वोट मिले थे। इस सूचना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

