home page

मक्का के खेत से खून से लथपथ शव बरामद, हत्या की आशंका

 | 
मक्का के खेत से खून से लथपथ शव बरामद, हत्या की आशंका


उत्तर दिनाजपुर, 25 फरवरी (हि.स)। जिले के रायगंज ब्लॉक के बीरघई गांव के पास बुधवार सुबह मक्का के खेत से एक बुजुर्ग का रक्तरंजित शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान फूलकांत राय (57) के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इसे सुनियोजित हत्या का मामला माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने खेत के भीतर एक बुजुर्ग को खून से लथपथ पड़ा देखा। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि वह गांव के ही निवासी फूलकांत राय है। सूचना मिलते ही रायगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने बताया कि फूलकांत राय मंगलवार दोपहर करीब दो बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से खुली दुश्मनी नहीं थी। पुलिस को आशंका है कि किसी पुराने विवाद या जुए के अड्डे पर हुए झगड़े के कारण यह वारदात हुई हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार