नाले में मिला युवक का गोली लगा शव, हुई शिनाख्त
सिर में लगी थी गोली, पास में तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद
बांदा, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जसपुरा थाना क्षेत्र स्थित भुरवा नाले में मंगलवार शाम गोली लगा एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सिर में गोली लगी थी। शव के पास देशी तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। देर शाम पुलिस ने शव की शिनाख्त हमीरपुर जनपद के युवक के रूप में कर ली।
मंगलवार शाम भुरवा नाले की ओर गए ग्रामीणों ने एक युवक का लहूलुहान शव पड़ा देखा। सूचना पर थाना प्रभारी राधाकृष्ण तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सीओ सदर प्रतीक्षा सिंह और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को शव के पास एक देशी तमंचा, एक खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस मिला। प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा तमंचे से खुद को गोली मारने की आशंका जताई गई।
सीओ सदर प्रतीक्षा सिंह ने बताया कि युवक की पहचान धुंधपुर निवासी अंशु (20)के रूप में हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर होगी। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
दस माह पहले एक किलोमीटर दूर मिला था युवती का शव
भुरवा नाले में युवक का शव मिलने के बाद करीब एक किलोमीटर दूर तरौड़ा गांव के जंगल में दस माह पहले मिले अज्ञात युवती के शव का मामला भी चर्चा में आ गया है। बीती 24 फरवरी को जंगल में जानवर चरा रहे चरवाहों ने युवती का शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी। करीब दस माह बीतने के बाद भी युवती की पहचान नहीं हो सकी है। दोनों घटनास्थलों के बीच कम दूरी होने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस ने दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों ने युवक का शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस के देरी से पहुंचने की बात भी कही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

