अनूपपुर: पटरी किनारे मिली युवती के शव की पहचान, अंतिम संस्कार से पहले परिजनों को सौंपा शव
अनूपपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कटनी-बिलासपुर रेल खंड पर वेंकटनगर-निगौरा स्टेशन के बीच 25 अगस्त की सुबह मिली अज्ञात युवती के शव की पहचान छठवें दिन रविवार हो गई, जिसे परिजनों को सौप दिया गया। शव अप लाइन ज्वाइंट लाइन (तीसरी लाइन) पर खंभा नंबर 838/39 के पास मिला था। परिजनो ने बताया कि युवती घर से लापता थी।
अनूपपुर जिला चिकित्सालय के मर्चुरी में रखे शव को शनिवार दोपहर पुलिस दफनाने की तैयारी कर रही थी। पुलिस को उम्मीद नहीं थी कि अब कोई परिजन शव की पहचान के लिए आएगा। मुक्तिधाम में गड्ढा खोदने के लिए जेसीबी भेजी जा रही थी, तभी वेंकटनगर पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक सुरेश अहिरवार को परिजनों का फोन आया।
परिजनों ने पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई फोटो देखकर शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। चौकी प्रभारी प्रवीण साहू ने बताया कि परिजनों की सूचना पर तत्काल दफन कार्यक्रम रोक दिया गया। रविवार को परिजनों के जिला अस्पताल पहुंचने पर युवती का शव उन्हें सौंप दिया गया।
सोशल मीडिया पर देखा बेटी का फोटो
मृतिका की मां सुखबरिया बैगा, जो छत्तीसगढ़ के गौरेला जिले के ग्राम गुम्मा की निवासी हैं, ने शव की पहचान अपनी 19 वर्षीय बेटी प्रेमिया बाई बैगा के रूप में की। उन्होंने बताया कि प्रेमिया घटना से कुछ दिन पहले बिना बताए घर से लापता हो गई थी और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार सुबह एक ग्रामीण ने उन्हें मोबाइल पर बेटी की फोटो होने की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

