युवक का खून से लथपथ शव बरामद, तीन हिरासत में
रायगंज, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज थाना क्षेत्र के पिपलान गांव में एक युवक का शनिवार को खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दिव्येंदु दास उर्फ चंदन के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दिव्येंदु पेशे से निर्माण श्रमिक था। वह बेंगलुरु में काम करता था। परिवार के मुताबिक, वह शुक्रवार शाम ही काम से घर लौटा था। खाना खाने के बाद वह दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन पूरी रात वापस नहीं लौटा।परिजनों ने उसे हर संभावित जगह तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह घर के पास ही स्थानीय लोगों ने उसका खून से सना शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास से कुछ संदिग्ध सामान बरामद किया है। जिसमें इंजेक्शन की सिरिंज भी शामिल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रायगंज मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेजा गया, जहां शनिवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के मामा मनोज विश्वास ने आरोप लगाया कि उसके दोस्तों ने ही उसकी हत्या की है। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार के बाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी। रायगंज के पुलिस अधीक्षक डॉ. कुलदीप सुरेश सोनावाने ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और घटना के पीछे की वजह साफ हो पाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

