कलेक्टोरेट में चौकीदार की फांसी के फंदे पर लटकी लाश मिली, पुलिस जांच में जुटी
रायपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। रायपुर कलेक्टोरेट में शनिवार सुबह चौकीदार की फांसी के फंदे पर लटकी हुई लाश मिली है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई उपरांत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार कलेक्ट्रेट पहुंचे लाेगाें ने परिसर की सीढ़ी पर फंदे पर लटकती लाश देखी। पतासाजी करने पर पता चला कि फांसी पर लटकी लाश कलेक्टोरेट में ही काम करने वाले चौकीदार दिनेश पटेल की है।
लाेगाें ने बताया कि दिनेश पटेल ने अपनी आमदनी से कहीं अधिक का कर्ज ले लिया था। 20 लाख से अधिक कर्जा होने की वजह से वह परेशान था। बहरहाल, घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि सुबह के वक्त घटना की जानकारी मिली है। दिनेश कुमार पटेल (50 साल) निवासी श्री साईं नगर, बोरिया खुर्द, आरडीए कॉलोनी, थाना टिकरापारा ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। प्रारंभिक जांच में कर्ज और लोन जैसी बात सामने आ रही है। मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

