home page

अनूपपुर: पड़ोसी के घर मिला अविवाहित व्यक्ति का शव, परिजन डांटते थे तो दूसरे के घर में सोया, जांच में जुटी पुलिस

 | 
अनूपपुर: पड़ोसी के घर मिला अविवाहित व्यक्ति का शव, परिजन डांटते थे तो दूसरे के घर में सोया, जांच में जुटी पुलिस


अनूपपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के फुनगा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम रक्शा में सोमवार को 45 वर्षीय अविवाहित अशोक उपाध्याय पुत्र लक्ष्मण उपाध्याय निवासी कोलमी का शव पड़ोसी के घर संदिग्ध हालत में मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

सूचनाकर्ता सूरज सिंह गोंड ने बताया कि 27 सितंबर रात करीब 8 बजे अशोक शराब के नशे में उसके घर आया और वहीं सोने की बात कही थी। सूरज ने उसे रुकने दिया। सोमवार की सुबह सूरज ने अशोक को मृत पाया। मृतक के भाई अजय उपाध्याय ने फुनगा पुलिस को जानकारी दी।

चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि अशोक उपाध्याय अपने माता पिता का दूसरा पुत्र था। शराब पीने का आदी था और अत्यधिक शराब पीता था, जिसके कारण उसकी शादी नहीं हुई थी। अविवाहित होने के कारण दिनभर घर से बाहर रहता था। उसका साथी सूरज सिंह गोंड था। शराब अधिक पीने के कारण घर में परिजन उसे डांटते थे, इसी डर की वजह से वह अक्सर पड़ोसी सूरज के घर रात में सो जाया करता था। रविवार को भी दिनभर शराब पीने के उपरांत घर जाने पर डांट की डर से रात को नशे की हालत में सूरज के घर सो गया था। परिजनों ने आशंका जताई है कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण उसकी मौत हुई होगी। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पीएम के बाद सही जानकारी सामने आ पाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला