जंगल में अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
बलौदाबाजार, 01 नवंबर (हि.स.)। बलौदाबाजार जिले के राजादेवरी थाना के बया चौकी क्षेत्रांतर्गत जंगल में आज रविवार सुबह अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिला है। मृतक के शरीर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जो हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मुरूमडीह और रायतुम गांव के बीच जगंल में युवक का शव मिला है। घटना के बारे में तब पता, चला जब कुछ ग्रामीण वहां से गुजर रहे थे। जगंल में खून से लथपथ शव मिलने की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को जांच में मृतक के सीने और कंधे के पास तीन गहरे चोट मिले, जो धारदार हथियार के हमले से होना प्रतीत हुआ है। शरीर पर गोदना (टैटू) के निशान हैं, जो उसकी पहचान करने में मददगार हो सकते हैं। एफएसएल टीम ने भौतिक साक्ष्य जुटाए। पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
बया पुलिस घटना की हत्या समेत हर संभावित एंगल से जांच में जुट गई है। पाेस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता चल पाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

