नाले में बही किशोरी का तीन दिन बाद मिला शव
हमीरपुर, 02 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र स्थित पुरैनी गांव मे नाले में बही किशाेरी का शव बुधवार को घटना स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर दूसरे चेकडैम के पास झाड़ियों में फंसा मिला। सूचशा पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रांसी रविवार शाम करीब 4,30 बजे बहनों के लिए पड़ोरा लेने उधरहंका मौजा गई थी। नाले में तेज बहाव होने के कारण पिता ने उसे जाने से रोका था। लौटते समय पुरैनी गांव से करीब 400 मीटर दूर रपटे पर पैर फिसलने से वह तेज बहाव में बह गई। राघवेंद्र और दीना ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
घटना के बाद जलालपुर थाना प्रभारी रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस, स्थानीय गोताखोर, पीएसी फ्लड टीम और एसडीआरएफ ने तलाश शुरू की। पिता भी लगातार बेटी को खोजते रहे। कानों से कम सुनाई देने के बावजूद वह कभी नाव से तो कभी पैदल खेतों और झाड़ियों में तलाश करते रहे। परिजनों के अनुसार उन्होंने तीन दिन तक ठीक से खाना-पीना तक नहीं किया। घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर पहले चेकडैम के आगे नाव नहीं जा पा रही थी। पानी के बहाव में प्रांसी आगे निकलकर दूसरे चेकडैम तक पहुंच गई थी। वहां तक रास्ता नहीं होने से टीमों को पैदल जाना पड़ रहा था। झाड़ियों में शव फंसा होने के कारण वह दिखाई नहीं दे रहा था।
थाना प्रभारी रवि कुमार ने बुधवार को शाम बताया कि पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार तलाश कराई जा रही थी। दूसरे चेकडैम तक भी सर्च कराया गया। मंगलवार को झाड़ियों में शव फंसा मिला, जिसे पुलिस टीम ने बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

