शहडोल: रिटायर्ड बैंक कर्मी की घर में नग्न अवस्था में खून से लथपथ मिला शव, हत्या की आशंका
शहडोल, 03 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। चोरी, लूट, चाकूबाजी और हत्या जैसी वारदातों के बीच अब जिला मुख्यालय से बुधवार को सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घर में अकेले रह रहे एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
बुजुर्ग का शव घर के अंदर नग्न और खून से लथपथ हालत में मिलने से हड़कंप मच गया, प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे हत्या मानकर जांच कर रही है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बलपुरवा बस स्टैंड के पास का है। मृतक की पहचान 81 वर्षीय जगदीश प्रसाद मिश्रा के रूप में हुई है, जो बैंक से रिटायर्ड बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जगदीश प्रसाद मिश्रा लंबे समय से घर में अकेले रहते थे। रोजाना की तरह बुधवार को जब खाना बनाने आने वाली महिला उनके घर पहुंची तो मुख्य कमरे के भीतर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। कमरे में बुजुर्ग का शव खून से लथपथ और नग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए शहडोल पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव भी घटनास्थल पहुंचे और मौका निरीक्षण किया।
पुलिस को आशंका है कि मंगलवार-बुधवार की रात अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुसे होंगे और विरोध करने पर बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह क्या है। इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा, फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

