बियाडा गंगा घाट पर पानी में तैरता मिला नवजात का शव, यात्रियों में मची अफरातफरी
भागलपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बियाडा गंगा घाट पर गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब लोगों ने पानी में तैरता हुआ एक नवजात बच्चे का शव देखा।
विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का परिचालन बंद होने के कारण घाट पर गंगा पार करने वाले यात्रियों की भारी भीड़ जुटी हुई थी। इसी बीच शव पर नजर पड़ते ही घाट पर मौजूद लोगों और यात्रियों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विक्रमशिला सेतु मार्ग प्रभावित होने की वजह से लोग नावों के जरिए आवागमन कर रहे थे, जिसके कारण बियाडा घाट पर सुबह से ही काफी चहल-पहल थी।
घाट के किनारे पानी में नवजात का शव उतराता देख स्थानीय नाविकों और यात्रियों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नवजात के शव को पानी से बाहर निकलवाया और अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मायागंज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शव को यहाँ किसने और कब फेंका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

