नदी में मिला लापता युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी
फिरोजाबाद, 28 सितंबर (हि.स.)। थाना नारखी क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार शाम एक लापता युवक का शव नदी में मिला है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लेकर आई है और घटना की जांच में जुट गई है।
थाना नारखी क्षेत्र के गांव कोटला रोड स्थित गौछ (सिरसा) नदी में सोमवार शाम ग्रामीणों ने एक युवक का शव तैरता देखा। यह देख वह सन्न रह गये। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला और कब्जे में ले लिया। मृतका की पहचान गौछ गांव निवासी विशाल (18) पुत्र मनोज बघेल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार विशाल 26 सितंबर से घर से लापता था। उसके घर वापस नहीं लौटने पर परिजन काफी परेशान थे और उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। सोमवार शाम नदी में शव मिलने की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद शव की पहचान विशाल के रूप में की है। विशाल की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
इस संबंध में थाना प्रभारी नारखी संजय कुमार पाण्डेय का कहना है कि युवक का शव नदी में मिला है। वह लापता था, परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। नदी के शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

