home page

लापता महिला का शव कुएं में मिला: चांदी के कड़ों के लिए हत्या की आशंका

 | 
लापता महिला का शव कुएं में मिला: चांदी के कड़ों के लिए हत्या की आशंका


जयपुर, 18 जून (हि.स.)। राजधानी जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक कुएं में महिला का पुराना शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका पिछले आठ दिनों से लापता थी और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा रखी थी। प्रारंभिक जांच में महिला के पैरों में पहने चांदी के कड़े गायब मिले हैं, जिससे लूट के उद्देश्य से हत्या कर शव को कुएं में फेंकने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेन्द्र मीणा ने बताया कि गुरुवार सुबह हनुमानपुरा पावर ग्रिड के पीछे ढूंढ नदी के पास स्थित एक कुएं से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों ने कुएं में झांककर देखा तो अंदर महिला का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद सिविल डिफेंस और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।

पुलिस ने सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। शव मिलने की खबर से मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग एकत्र हो गए।

पुलिस जांच में मृतका की पहचान बल्लूपुरा निवासी बीना देवी (53) के रूप में हुई है। बीना देवी मजदूरी का कार्य करती थीं। परिजनों के अनुसार वह 11 जून को दोपहर करीब 12 बजे दवाई लेने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने शिवदासपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।

पुलिस के अनुसार जिस स्थान पर शव मिला है, वह मृतका के घर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित है। शव कई दिन पुराना होने के कारण उसमें सड़न आ चुकी थी। प्रारंभिक जांच के दौरान यह भी सामने आया कि महिला के पैरों में पहने हुए चांदी के कड़े गायब थे। ऐसे में आशंका है कि बदमाशों ने चांदी के कड़े लूटने के लिए महिला की हत्या की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंक दिया।

हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ महिला की गतिविधियों और संपर्कों की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। घटना से आक्रोशित लोगों ने हत्या के विरोध में शिवदासपुरा थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतका के आश्रितों को 50 लाख रुपए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने तथा मामले की जांच एसआईटी से करवाने की मांग की।

सूचना पर एसीपी (चाकसू) भवानी सिंह भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से समझाइश कर उन्हें शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस हत्या, लूट और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है तथा जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश