home page

शहडोल : पेट दर्द का इलाज कराने आए व्यक्ति का अस्पताल के बाथरूम में मिला शव

 | 
शहडोल : पेट दर्द का इलाज कराने आए व्यक्ति का अस्पताल के बाथरूम में मिला शव


शहडोल, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाथरूम में मंगलवार की सुबह एक अधेड़ का शव मिला। वह सोमवार को पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा था। इलाज के दौरान अस्पताल से चला गया और देर रात दोबारा परिसर में आकर सोने लगा था। सुबह उसका शव मिलने पर अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मृतक धनपुरी निवासी नाटे उर्फ जफरुद्दीन वह छत्तीसगढ़ के कोरबा के एक होटल में काम करता था।

जानकारी के अनुसार, जफरुद्दीन सोमवार को पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा था। उसका इलाज शुरू हुआ, लेकिन वह इलाज के दौरान ही वहां से चला गया। देर रात वह दोबारा अस्पताल परिसर में आया और सोने लगा। बताया जा रहा है कि ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे परिसर से जाने के लिए कहा था।

इसके बाद वह कहां गया और किन परिस्थितियों में बाथरूम पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं है। मंगलवार सुबह अस्पताल के बाथरूम में उसका शव मिला। ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत पाया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण

धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉ. अभिषेक मिश्रा ने बताया कि अधेड़ पेट दर्द की शिकायत लेकर आया था। वह इलाज के दौरान चला गया और बाद में दोबारा अस्पताल पहुंचा। सुबह बाथरूम में उसका शव मिला। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण पता चलेगा। पुलिस जांच कर रही है कि उसकी मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला