अनूपपुर: 4 दिन से लापता अधेड़ का शव मिला तालाब में,परिजन ने हत्या की आशंका जताई
अनूपपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पटनाकलां गांव के निवासी 55 वर्षीय विष्णु प्रजापति का शव सोमवार की शाम गांव के ही सगरा तालाब में मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने परिवार को इसकी जानकारी दी। एफएसएल टीम ने शव की जांच की। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चौकी प्रभारी रंगनाथ मिश्रा ने बताया कि विष्णु प्रजापति शराब पीने का आदी था। वह पहले तालाब से कमल के फूल निकालकर बेचते थे। वह 4 सितंबर की सुबह घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। परिवार के लोग उन्हें रिश्तेदारों और गांव में ढूंढते रहे।
तीन दिन तक विष्णु प्रजापति का कोई पता नहीं चला। इसके बाद 6 सितंबर की रात परिवार ने देवहरा चौकी में उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को ग्रामीणों को तालाब के पास से बदबू आने लगी। इसके बाद उन्होंने तालाब किनारे से करीब 10 फीट दूर एक शव देखा। शव फूल गया था और शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। शुरुआती जांच में पुलिस को लगता है कि विष्णु प्रजापति शराब पीने के शौकीन थे। हो सकता है कि नशे में वह तालाब किनारे गए हों और किसी कारण से तालाब में गिरकर उनकी मौत हो गई हो।
वहीं परिवार ने विष्णु प्रजापति की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। परिवार के अनुसार, विष्णु प्रजापति के दो बेटे हैं। इनमें से एक एमपीईबी में और दूसरा शहडोल में नौकरी करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

