home page

मानसिक विक्षिप्त के शव की पांच दिन बाद शिनाख्त

 | 
मानसिक विक्षिप्त के शव की पांच दिन बाद शिनाख्त


उरई, 29 जून (हि.स.)। उरई कोतवाली क्षेत्र में मानसिक रूप से विक्षिप्त 40 वर्षीय युवक का शव मिलने के पांच दिन बाद उसकी शिनाख्त सोमवार को परिवार के लोगों ने कर ली हैं। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच कर रही है।

उरई शहर के राजेंद्र नगर निवासी संदीप कुमार उर्फ कौशल (40) 24 जून को घर से निकले और वापस नहीं लौटे। उसकी मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। परिवार के लोग उनकी तलाश में जुट गए। उसी रात पुलिस को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। शव की पहचान नहीं हो पाने के कारण उसे अज्ञात के रूप में सुरक्षित रखा गया। पहचान न होने के चलते तत्काल पोस्टमार्टम भी नहीं कराया जा सका और पुलिस लगातार मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास करती रही। सोमवार की सुबह पुलिस से मिली सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखते ही उन्होंने मृतक की पहचान लापता संदीप कुमार उर्फ कौशल के रूप में की। शिनाख्त होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल था। घर में शोक का माहौल छा गया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के भाई अमित कुमार ने बताया कि संदीप की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और वह 24 जून को घर से निकले, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। सोमवार को पुलिस से सूचना मिलने पर मृतक के भाई अमित कुमार व अन्य परिजनों ने शव की पहचान की। कोतवाल आनंद सिंह का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विधिक कार्यवाही जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा