अनूपपुर: नर्मदा तट पर औंधे मुंह सीढ़ियों पर मिला वृद्ध का शव, पुलिस जुटी जांच में
अनूपपुर, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक नगरी अमरकंटक में मंगलवार को मां नर्मदा तट पर 66 वर्षीय वृद्ध का शव संदिग्ध अवस्था में मिला।
जानकारी पर मौके में पहुंची अमरकंटक पुलिस ने शव का परिक्षण कर पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सालय भेज मर्ग कायम कर मामले को विवेचना शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मृतक नहाते समय सीढियों में पैर फिसलने से सिर पर चोट लगने से मृत्यु हुई हैं।
अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) नवीन तिवारी ने बताया कि मंगलवार की दोपहर 3:30 बजे नगर परिषद अमरकंटक के सफाई कर्मी रामघाट के दक्षिणी तट पर सफाई कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक वृद्ध व्यक्ति औंधे मुंह सीढ़ियों में पड़ा मिला, जिसका आधा शरीर पानी में और आधा बाहर था। तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों एवं अमरकंटक पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय के सहयोग से शव को बाहर निकाला। जिससे मृतक की पहचान 65 वर्षीय पुन्नू लाल यादव निवासी अमरकंटक के रूप में हुई है। जो मूलतः करंजिया, जिला डिंडोरी के निवासी थे और अमरकंटक में अपनी बेटी के साथ रहकर नारियल प्रसाद की दुकान चलाते थे। शव चिकित्सालय भेजा गया बुधवार को पोस्टमार्डम के बाद मृत्यु की सही जानकारी मिल सकेंगी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतक की बेटी किसी कार्य से डिंडोरी जिले में आयोजित कनकधारा कार्यक्रम मं शामिल होने गई हुई थी। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है, जिनके आने की प्रतीक्षा की जा रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

