home page

अनूपपुर: 4 दिनों से लापता डीजे संचालक का शव कुएं में मिला

 | 
अनूपपुर: 4 दिनों से लापता डीजे संचालक का शव कुएं में मिला


अनूपपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में करनपठार थाना क्षेत्र के पडरीखार गांव में चार दिन से लापता डीजे संचालक का शव कुएं में मिला। पुलिस ने बुधवार को शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

मृतक हेमंत कुमार सिंह के बड़े भाई लवकेश सिंह ने बताया कि हेमंत 25 अप्रैल को एक शादी समारोह में डीजे बजाने गया था। रात में वह सड़क किनारे बने अपने दूसरे घर में सोने की बात कहकर समारोह से निकला था। इसके बाद 26 अप्रैल की सुबह से वह दिखाई नहीं दिया। शुरुआत में परिजनों ने सोचा कि हेमंत डीजे के काम के सिलसिले में आसपास के गांव गया होगा। हालांकि, 28 अप्रैल को जिस घर में युवक ने डीजे बजाया था, उसी घर की कुछ किशोरियां सड़क से 100 मीटर दूर स्थित कुएं पर नहाने गईं। वहीं उन्होंने युवक का शव कुएं में देखा। स्थानीय ग्रामीण बहादुर सिंह ने मंगलवार शाम करनपठार थाना पुलिस को कुएं में शव दिखने की सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस रात 10 बजे गांव पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर बेनीबारी स्वास्थ्य केंद्र ले गई थी।

थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार बड़करे ने बताया कि शव काफी सूज गया था, जिस कारण शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं दिख रहे थे। परिजनों ने युवक के किसी से विवाद होने की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है। पुलिस फिलहाल मौत के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला