भोपाल में भेल के गेट-8 के पास बोरी में बंद मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
भोपाल, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के गेट नंबर-8 के पास झाड़ियों में बोरी में बंद एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में शव करीब 4 से 5 दिन पुराना होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक शव के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। इस वजह से पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हालांकि युवक की मौत किस वजह से हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा अन्य माध्यमों से भी मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक यहां तक कैसे पहुंचा और शव को झाड़ियों में किसने फेंका।
घटनास्थल और उसके आसपास से पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। भेल गेट नंबर-8 तथा आसपास के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों और लोगों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

