अनूपपुर: ऑटो में औंधे मुह मिला युवक का शव:परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
अनूपपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली में अनूपपुर के बार्ड क्रमांक 01 सामतपुर तालाब के पास शनिवार को एक ऑटो में सामतपुर निवासी 33 वर्षीय चंदन राठौर का शव आगे वाली सीट पर औंधे मुंह पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चंदन मजदूरी और पल्लेदारी का काम करते थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय में पोस्टमॉर्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
चंदन के बड़े भाई दीपक राठौर ने बताया कि उन्हें सुबह 10 बजे घटना की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर ऑटो के अंदर देखा तो चंदन आगे वाली सीट पर औंधे मुंह पड़े थे। दीपक के अनुसार, चंदन के गले पर पतले तार जैसा निशान था, चेहरा नीला पड़ा था और मुंह से खून निकल रहा था। दीपक ने बताया कि परिवार में तीन भाई हैं और चंदन सबसे छोटा था। वह पल्लेदारी करता था, जबकि परिजन उसे यह काम करने से मना करते थे। शराब पीने के कारण उसकी शादी नहीं हुई थी।
परिजनों के अनुसार, चंदन काम के बाद शुक्रवार रात घर नहीं लौटा था। शनिवार सुबह उनके चाचा उसी रास्ते से टहलने निकले, लेकिन उन्हें ऑटो में पड़े युवक की पहचान नहीं हुई। दीपक भी उस रास्ते से दो-तीन बार गुजरे थे। उन्होंने बताया कि चंदन अक्सर देर रात कहीं सो जाता था, इसलिए उन्हें ऐसी घटना का अंदेशा नहीं हुआ। परिजनों ने गले पर निशान के आधार पर हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि किसी ने चंदन की हत्या कर शव ऑटो में रखा होगा या ऑटो में ही घटना को अंजाम दिया होगा। एमपी 65 आर 0254 नंबर का ऑटो करीब डेढ़ साल से उस जगह कबाड़ के रूप में खड़ा है। कुछ लोगों ने इसे रिजेक्टेड बताया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
वहीं मामले में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज से घटना की वास्तविकता खंगालने में जुटी है। थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया है ऑटो में शव मिले है, मृतक के साथ रात में कुछ युवकों के होने की जानकारी मिली है, जिसकी खोजबीन की जा रही है, साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी को भी खंगाला जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

